
कुल्लू। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही जनता का शोषण शुरू कर दिया है। सरकारी डिपुओं से चीनी गायब है और तेल तथा दालें भी लोगों को नहीं मिल रही। यह बात उन्होंने कुल्लू भाजपा मंडल की बैठक में कही। मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में राम सिंह ने कहा कि सरकार को सत्ता में आए अभी कुछ ही माह हुए और लोग महंगाई से तंग हो गए हैं। घाटी में सेब सीजन जोरों पर चला है और सड़कें बंद पड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार गहरी निद्रा में है। जनता इसका जवाब 2014 के आम चुनाव में कांग्रेस को देगी। जिला मीडिया सह प्रभारी सुरेश शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी आज देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और विदेश मंत्री बौखलाहट में उनके खिलाफ जो मन में आए अनापशनाप बयानबाजी कर रहे हैं। इस मौके पर युवा मोर्चा के महामंत्री मारकेश्वर, जिला सचिव शैलेंद्र बहल, महामंत्री अमर ठाकुर, मंडल सदस्य इंद्रजीत आजाद, कोमल शर्मा, इंद्रजीत शर्मा, शालू बजीर और राज शर्मा मौजूद रहे।
मनाली में 55 ने किया रक्तदान
कुल्लू। रोटरी क्लब मनाली के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस अवसर पर रक्तदान शिविर लगाया गया। जिला रक्तकोष अधिकारी डा. राकेश ठाकुर की देखरेख में आयोजित इस शिविर में पाठशाला के स्टाफ ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। शिविर में 55 रक्तदानियों ने रक्तदान कर पुण्य कमाया। उन्होंने जनसाधारण से अपील की है कि समय-समय पर रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान दें।
