
कुल्लू। लोकमित्र केंद्रों में दी जाने वाली सुविधाओं और अन्य योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जिले में 19 से 24 अगस्त तक प्रचार अभियान चलेगा। यह जानकारी अभियान के नोडल अधिकारी एवं डीआरडीए के परियोजना अधिकारी डा. संजीव धीमान ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दी।
उन्होंने बताया कि प्रचार अभियान के दौरान अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक प्रदर्शनी वाहन और सांस्कृतिक दल जिले की विभिन्न पंचायतों में जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारियां देगा। लोकमित्र केंद्रों में दी जाने वाली सुविधाओं, आधार नंबर, डायरेक्ट बैनेफिट ट्रांसफर और अन्य योजनाओं की जानकारी इस अभियान के दौरान दी जाएगी। बताया कि 19 अगस्त को आनी ब्लॉक की पंचायत बैहना और जाबन तथा 20 अगस्त को कुल्लू ब्लॉक की पंचायत भुईन और बड़ा भुईन में प्रचार अभियान चलेगा। 21 को बंजार ब्लॉक की पंचायत बलागाड़ और अप्पर नेगी गांव में कार्यक्रम होंगे। 22 को चौंग और सियोगी, 23 को कोटला और जल्लुग्रां तथा 24 अगस्त को सैंज और खोखन में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। डा. धीमान ने जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लें। बैठक में उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश और एलीमेंटरी शिक्षा उपनिदेशक प्रदीप शर्मा मौजूद रहे।
