
थानाकलां (ऊना)। भारी बारिश से केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला थानाकलां का डंगा एवं भवन क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हो गया है। हादसा शुक्रवार रात के समय हुआ, अन्यथा पाठशाला के छात्र एवं स्टाफ भी घटना का शिकार हो सकते थे। पाठशाला के डंगे का मलबा गिरकर भवन के बरामदे एवं कमरों में समा गया है। भवन के क्षतिग्रस्त दो कमरों में से एक में मिड डे मील का खाना बच्चों को खिलाया जाता है एवं दूसरा कक्षा का कमरा है। पाठशाला का डंगा गिर जाने से चार शौचालयों के गिर जाने का खतरा भी बन गया है। पाठशाला के अध्यापक अशोक धीमान ने बताया कि जब सुबह वह पाठशाला पहुंचे तो उन्होंने इसकी सूचना पंचायत, एसएमसी कमेटी एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों को दी। राजस्व विभाग के अनुसार बारिश से करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटनास्थल पर पहुंच कर पंचायत प्रधान उर्मिला देवी, उपप्रधान प्रकाश चंद, एसएमसी प्रधान संजय कुमार, वार्ड सदस्य जितेंद्र कुमार, कानूनगो सोनी राम व पटवारी अशोक सेठी ने घटना स्थल पर पहुंच कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया एवं प्रशासन से शीघ्र मरम्मत करवाने का आश्वासन पाठशाला प्रबंधन को दिया।
