
ऊना। जिला के दो स्थानों पर पेश आए हादसों में दो महिलाआें की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। जबकि मामलों के संदर्भ में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एक हादसे में जहां एक महिला को तेज रफ्तार बाईक ने रौंद डाला है। वहीं दूसरे हादसे में एक महिला की सर्पदंश से मौत हो गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धुसाड़ा में पेश आए हादसे में 60 वर्षीय महिला नजीरा बीबी पत्नी फतेह मोहम्मद निवासी धुसाड़ा सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाईक की चपेट में आ गई। जिसके चलते वह गंभीर रुप से घायल हो गई। घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पजाल ले जाया गया। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अंब पुलिस ने मौके पर पहुंच महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम करवाया और परिजनों के हवाले कर दिया। उधर, चताड़ा में पेश आई घटना में 38 वर्षीय वीना देवी पत्नी सतनाम सिंह निवासी चताड़ा को उसी के घर पास एक सांप ने डस दिया। जिससे महिला की हालत बिगड़ गई। महिला को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। डीएसपी हैडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामलों की छानबीन कर रही है।
