
ऊना। उद्योग, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना के सीनियर सेकेंडरी बाल स्कूल के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, महिला होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियों ने भव्य मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। मार्चपास्ट का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर रमन चौधरी ने किया। स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अग्निहोत्री ने स्वतत्रंता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में हिमाचल के वीर सपूतों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया था। उन्होंने आजादी की लड़ाई में ऊना जिले के योगदान को भी रेखांकित किया और देश के लिए कुबार्नियां देने वाले यहां के शहीदों को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने साढ़े सात महीने के छोटे से कार्यकाल में सभी वर्गों के कल्याण तथा प्रदेश के सभी क्षेत्रों के समान विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में वृद्धों, विधवाओं तथा विकलांग व्यक्तियों को दी जाने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 450 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह किया गया है और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के सभी लंबित 10,900 मामलों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ऊना, सोलन तथा कांगड़ा जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने जा रही है। औद्योगिक इकाइयों में कम से कम 70 प्रतिशत रोजगार हिमाचलियों को सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक निगम के चेयरमैन मेजर जनरल (रिटा.) विक्रम सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, डीसी अभिषेक जैन, एसपी अनुपम शर्मा, एसडीएम धनवीर ठाकुर, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट धर्म सिंह, अशोक ठाकुर, हरोली कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला परिषद सदस्य सुमन ठाकुर, नीलम मनकोटिया, जिला कांग्रेस व्यापार सैल के अध्यक्ष राकेश कैलाश, कर्नल महेंद्र सिंह, पवन ठाकुर, राजीव गौतम, राकेश दत्ता, सतीश बिट्टू एवं कामरेड जगतराम सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।
