अंतिम दिन दल बल के साथ किया प्रचार

कुल्लू। केंद्रीय छात्र संघ चुनाव के मतदान और फैसले की घड़ियां पास आ गई हैं।
17 अगस्त को सुबह के समय मतदान और कुछ ही घंटों बाद इसका फैसला हो जाएगा। देवभूमि कुल्लू के जिला मुख्यालय स्थित कुल्लू महाविद्यालय, हरिपुर, बंजार तथा आनी कालेज में एससीए चुनाव से एक दिन पूर्व सभी छात्र संगठनों ने पूरी ताकत के साथ प्रचार किया। सुबह छह बजे से ही छात्र संगठन पैनलों के साथ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की टोलियों के साथ प्रचार में जुट गए। वोटरों की चौखट पर पहुंच कर अपने पक्ष में वोट देने का आह्वान किया। दस बजते ही कालेज परिसर के मुख्य गेट पर छात्र नेता, उम्मीदवारों के साथ खड़े होकर समर्थन का आग्रह करते रहे। इसके बाद पूरे परिसर और कक्षाओं में जाकर भी अपने पक्ष में वोट मांगे। कुछ टोलियों ने शहर के ढालपुर बाजार और सरवरी बस अड्डा से लेकर दुकानों में जाकर खुद के लिए समर्थन मांगा। दोपहर बाद सभी छात्र नेता डोर टू डोर प्रचार में जुटे रहे। एबीवीपी, एसएफआई तथा एनएसयूआई ने छात्रों के घरों और कॉलेज में प्रचार किया। शाम के वक्त कॉलेज हॉस्टलों और छात्रों के क्वार्टरों में दस्तक दी।

Related posts