
मनाली। सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण रोहतांग टनल का निर्माण कार्य जोरों पर है। आठ हजार 800 मीटर लंबी इस टनल की खुदाई का काम करीब 3700 मीटर तक पूरा हो चुका है। रोहतांग टनल का निर्माण कार्य दोनों ओर से तीव्र गति से चल रहा है। लाहौल के कोकसर की ओर से टनल के नार्थ पोर्टल से खुदाई का काम करीब 1700 मीटर पूरा हो चुका है। यहां एक दिन में करीब पांच मीटर खुदाई की जा रही है।
मनाली की ओर से टनल के साउथ पोर्टल में खुदाई का काम 2000 मीटर पूरा हो चुका है। टनल के साउथ पोर्टल में लुज रॉक आने के कारण काम में बाधा पैदा हो रही है। इस कारण दिन में केवल आधा मीटर ही खुदाई हो पाई है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 में रोहतांग टनल की खुदाई का काम शुरू हुआ था।
रोहतांग टनल के चीफ इंजीनियर एसपी शर्मा ने बताया कि रोहतांग टनल की खुदाई का काम तीव्र गति से चल रहा है। टनल के नार्थ पोर्टल में 1700 मीटर की खुदाई की जा चुकी है। साउथ पोर्टल में 2000 मीटर तक खुदाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि टनल के साउथ पोर्टल में केवल छह महीने ही काम हो पाता है। छह महीने सर्दियों में रोहतांग दर्रा बंद होेने पर काम बंद करना पड़ता है। टनल के साउथ पोर्टल में सर्दियों में बर्फ के बीच भी काम किया जाता है लेकिन साउथ पोर्टल में लुज रॉक आने पर कम खुदाई हो रही है।
धारचा में टनल बनाने का प्लान
रोहतांग टनल के चीफ इंजीनियर एसपी शर्मा ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग को पूरा वर्ष खुला रखने के लिए लाहौल-स्पीति के धारचा में भी टनल बनाने की योजना है। इसके लिए शिंकुला टनल की योजना तैयार की है। यह टनल श्रीनगर की तरफ से लेह मार्ग को मिलाएगी। इससे साल भर लेह खुला रहेगा।
