
हल्द्वानी। मंगलवार को नगर निगम में पथराव और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी पार्षद का चुनाव लड़ चुका है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसएसआई कोतवाली इंदर सिंह राणा ने बताया कि निगम की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान इंद्रानगर निवासी तौफीक अहमद, माहरुफ उर्फ नब्बू, इशरत और फुरकान अंसारी के नाम सामने आए। बुधवार को पुलिस ने इन चारों को तोड़फोड़ और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इंदर सिंह राणा के अनुसार तौफीक अहमद पूर्व में पार्षद का चुनाव भी लड़ चुका है। उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान जिसका भी नाम सामने आता जाएगा उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
———-
सफाई कर्मियों का थाने में प्रदर्शन
मंगलवार को निगम कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना से गुस्साए निगम के सफाई कर्मियों ने बुधवार को कोतवाली में प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि पुलिस जल्द ही सारे आरोपियों पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करे। साथ ही आगे से ऐसे घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने मामले में करीब 30 लोगों के शामिल होने की बात कहकर तुरंत सभी को गिरफ्तार करने की मांग की।
