चुनाव मैदान में नहीं उतरा एनएसयूआई

सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर कालेज में एनएसयूआई ने अपना पैनल चुनाव मैदान में नहीं उतारा है। ऐसे में छात्र संसद चुनाव में एबीवीपी और एसएफआई के बीच सीधा मुकाबला रहेगा। इसके साथ ही संगठन ने अपने प्रत्याशियों के साथ चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। कालेज प्रशासन ने भी चुनाव सकुशल संपन्न कराने की तैयारी में जुट गया है।
राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का संख्या अच्छी है। इसके बावजूद भी एनएसयूआई ने चुनावी जंग में पैनल नहीं उतारा है। यह स्थिति तब है जब सुजानपुर क्षेत्र में कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। कांग्रेस विचारधारा से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआई का पैनल चुनाव में नहीं उतरने से तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गरम है। सुजानपुर कालेज में 1,139 मतदाता छात्र मतदान में भाग लेंगे। इनमें से लड़कों की संख्या 437 और लड़कियों की संख्या 702 है। हालांकि कालेज में कुल छात्रों की संख्या 1,226 है। लेकिन 87 छात्र-छात्राएं आयु सीमा अधिक होने के चलते मतदान में भाग नहीं ले सकेंगे। कालेज प्रशासन की तैयारियों पर नजर दौड़ाएं तो चुनाव को शांतिपूर्वक माहौल में संपन्न करवाने को 7 बूथ बनाए गए हैं। 45 शिक्षक और कर्मी ड्यूटी पर तैनात होंगे।

Related posts