
मैकलोडगंज। मैकलोडगंज के एक निजी होटल में ठहरे एक विदेशी पर्यटक की मौत हो गई है। थाइलैंड से पर्यटन नगरी घूमने आए विदेशी पर्यटक नारसर अनुसोरकुम (47) का शव पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। नारसर अनुसोरकुम अमृतसर से 11 अगस्त को पर्यटन नगरी मैकलोडगंज पहुंचा था। यहां वह एक निजी होटल में ठहरा था। विदेशी पर्यटक नारसर अनुसोरकु म जब बुधवार के दिन अपने होटल के कमरे से रोजमर्रा की तरह बाहर नहीं निकला तो होटल मैनेजर आरपी चौधरी ने प्रबधंन और पुलिस थाना मैकलोडगंज को सूचित किया। पुलिस थाना मैकलोडगंज के प्रभारी गुरवचन सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर होटल प्रबधंन और शहर के अन्य लोगों की मौजूदगी में अंदर से बंद कमरे को बाहर से तोड़कर बिस्तर से नीचे गिरे विदेशी पर्यटक का शव कब्जे में लिया।
निजी होटल में हुई विदेशी की मौत को लेकर पुलिस थाना मैकलोडगंज ने डीएसपी अजय राणा को सूचित किया। डीएसपी ने मौके का दौरा किया। पुलिस प्रभारी गुरवचन सिंह ने बताया कि पुलिस ने विदेशी पर्यटक का शव कमरे से बरामद करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाई दूतावास से संपर्क किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विदेशी की मौत के कारणों का पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
