उपाध्यक्ष पद पर छात्राओं में टक्कर

कुल्लू। महाविद्यालय कुल्लू में 17 अगस्त को होने वाले केंद्रीय छात्र संगठन के चुनाव के लिए तीनों संगठनों ने छात्राओं को मैदान में उतारकर इस वर्ग के वोट बैंक को कैश करने की पूरी तैयारी कर रखी है। छात्र संगठनों ने एक-एक पद पर छात्राओं को चुनावी मैदान में उतारा है। कुल्लू कालेज में कुल 3751 वोटर हैं। इसमें से 1846 छात्राएं हैं।
एबीवीपी ने उपाध्यक्ष पद पर पिंकी सूद पर दांव खेला है। इसके अलावा एसएफआई ने रेणुका देवी और एनएसयूआई ने मुनीता को उम्मीदवार बनाया है। माना जा रहा है कि तीनों ही उम्मीदवार, छात्राओं के वोट बैंक पर मजबूत पकड़ रखती हैं। लेकिन प्रचार के दौरान जिसकी वाणी इस वर्ग पर असर करेगी वही वोट बटोरने में सफल रहेगा। तीनों संगठनों के जिला अध्यक्ष, संयोजक और उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी प्रचार में डटे हैं। मैदान में उतरे उम्मीदवारों को बात करने से लेकर भाषण तक के टिप्स दिए जा रहे हैं। यही नहीं किस इलाके के कितने छात्र कालेज में हैं इसका भी पूरा हिसाब संगठनों ने लगा रखा है। इसके लिए बाकायदा क्षेत्र बार बनी छात्रों की एसोसिएशनों से संपर्क साधा जा रहा है।
पूरा पैनल जीतेगा : महाजन
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष रोहित महाजन और उपाध्यक्ष अमित गौड़ ने दावा किया कि एनएसयूआई का पूरा पैनल जीत हासिल करेगा। एनएसयूआई हमेशा छात्र हितों में काम करती रही है। आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
सभी सीटों पर हासिल करेंगे जीत : सिंह
एसएफआई के जिला उपाध्यक्ष मान सिंह का कहना है कि इस बार चारों सीटों पर एसएफआई जीतेगी। दावा किया कि महासचिव पद के लिए मेहनत करने जरूरत ही नहीं है। यह तो पहले ही जीती जिताई सीट है।
भारी मतों से देंगे मात : जनेश
एबीवीपी के जिला संयोजक जनेश ने कहा कि इस बार एबीवीपी दोनों दलों को भारी मतों से मात देगी। जिला के सबसे बडे़ वोटरों वाले कालेज कुल्लू पर सभी संगठनों की निगाहें टिकी हुई है।

Related posts