
खराहल (कुल्लू)। जिला कुल्लू की सब्जी मंडी बंदरोल में भारी बरसात में भी पानी की समस्या विकराल हो गई है। यहां पर सेब का सीजन जोर पकड़ता जा रहा है। सब्जी मंडी रोजाना सैकड़ों किसान और बागवान तथा व्यापारी सेब की खरीद फरोख्त को पहुंच हैं। लेकिन पानी न होने के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है।
ढाबे वालोें को भी पानी का बंदोबस्त करना टेढ़ी खीर बना हुआ है। लोगों को आधा किलोमीटर पैदल चलकर प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। हालांकि आईपीएच विभाग ने दो हैंडपपं सब्जी मंडी में लगा रखे हैं लेकिन एक हैंडपंप चार माह से खराब पड़ा है। ऐसे में एक हैंडपंप से पानी पूरा नहीं हो रहा।
आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष गोबर्धन ठाकुर, पूर्व आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान गोपाल महंत, आढ़ती प्रीतम ठाकुर, चेयरमैन हुकम ठाकुर, महासचिव शरभ नेगी और किसान सभा के उपाध्यक्ष देवराज नेगी ने कहा कि चार माह से एक हैंडपंप खराब पड़ा है। इस मामले में वे कई बार आईपीएच महकमे के कर्मियों को अवगत करवा चुके हैं। लेकिन अभी तक पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है।
व्यापारी एसके गुप्ता, बाला राम, वाईएम मेनपुरी और छोटू ने कहा कि एक हैंडपंप होने से पानी के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। ढाबा संचालक सोमनाथ खेखम राम और विकास शर्मा ने बताया कि हर रोज पानी के लिए सात सौ मीटर दूर से ढोना पड़ रहा है। पेयजल की आपूर्ति शीघ्र नहीं हुए तो मजबूर होकर धरना प्रदर्शन करेंगे। कटराईं सर्किल आईपीएच महकमे के सहायक अभियंता उदय कुमार बौद्ध ने कहा कि सब्जी मंडी में दो हैंडपंप लगाए हैं। एक हैंडपंप खराब है तो उसे दुरुस्त करवाया जाएगा। बरसात खत्म होने के बाद यहां पर एक और हैंडपंप लगाया जाएगा।
