आजादी के जश्न को सजा चुका है ढालपुर

कुल्लू। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल और भव्य आयोजन के लिए ढालपुर मैदान सज चुका है। सुबह ग्यारह बजे शुरू होने वाले इस समारोह में शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।
डीसी राकेश कंवर ने कहा कि 15 अगस्त के शानदार आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ढालपुर मैदान में होने वाली भव्य परेड में पुलिस के अलावा, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स की टुकड़ियां और स्कूली बच्चे भाग लेंगे। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे। इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, आंगनबाड़ी केंद्र, सहित कई सरकारी और निजी संस्थान भी प्रस्तुतियां देंगे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने कुल्लू की सीमाएं सील कर सुरक्षा घेरा कस दिया है। बजौरा से लेकर मनाली तक रात्रि गश्त बढ़ा दी है। जिला के सभी बिजली प्रोजेक्टों की सुरक्षा भी चाक चौबंद है। पुलिस प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने को मुस्तैद है। डीसी राकेश कंवर ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुबह साढ़े दस बजे ढालपुर मैदान में पहुंचकर समारोह में शिरकत करने की अपील की है।

Related posts