
नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत रंगस बाजार में सब्जी खरीद रहे दो युवकों ने तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ितों अजीत कुमार पुत्र केहर सिंह तथा मनजीत कुमार पुत्र प्रताप सिंह निवासी थाई ने बताया कि सोमवार देर सायं साढ़े सात बजे के करीब बाइक पर सवार होकर रंगस के लिए सब्जी लाने निकले थे। रंगस बाजार में अजीत पर अचानक तीन युवकों ने हमला कर दिया और उसे जोर-जोर से पीटने लगे। यह देख मनजीत ने छुड़वाने की कोशिश की तो उन्होंने मनजीत की भी धुनाई कर दी। अजीत ने बताया कि उन तीन लड़कों में से दो को नहीं पहचानते। एक आरोपी सुनील कुमार निवासी नियाटी को ही पहचानते हैं। घटना में उसके सिर, चेहरे पर चोटें आई हैं। जबकि मनजीत की पीठ, चेहरे पर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ितों का मेडिकल करवा लिया है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी हमीरपुर बीएम शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
