नप को नहीं मिले निर्धन परिवार

हमीरपुर। केंद्र सरकार की योजना के तहत हमीरपुर में शहरी क्षेत्र के गरीब परिवारों के लिए बने भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अभी तक इसका आबंटन नहीं किया गया है। इसके लिए नप को पात्र परिवार नहीं मिल पाए हैं। ऐसे में नप ने भवन को लैबर हॉस्टल बनाने का निर्णय लिया है।
नप की मासिक बैठक का आयोजन अध्यक्ष दीप कुमार बजाज की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि नप को पात्र परिवार नहीं मिलते हैं तो भवन में लैबर हॉस्टल बनाया जाएगा। शहर भर के प्रवासी मजदूरों को भवन में पनाह दी जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि शहर में एक सौ सोलर लाइटें स्थापित की जाएंगी। सभी सोलर लाइटें हिम ऊर्जा विभाग स्थापित करेगा। सोलर लाइटें एक माह के भीतर नप में पहुंच जाएंगी। इन्हें लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में संयुक्त परिवारों से अलग हुए परिवारों को राशन कार्ड जारी करने का भी निर्णय लिया है। नप अध्यक्ष दीप कुमार बजाज ने कहा कि राशन कार्डों की शार्टेज के चलते करीब 140 परिवारों के राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं। राशन कार्ड मुहैया होते ही परिवारों को राशन कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।
बैठक में नप उपाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा राकेश कुमार, वेद प्रकाश, वीना कपिल, अनिल सोनी, सुकिंद्रा पुरी, रीता रानी, सलोचना देवी, अश्वनी और मनोरमा लखनपाल आदि पार्षद मौजूद रहे।

Related posts