
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के टेट के लिए घोषित कार्यक्रम को लेकर अभ्यर्थियों ने रोष व्यक्त किया है। प्रशिक्षित बेरोजगारों ने सवाल दागा कि आखिर चार दिन में कैसे फार्म बोर्ड कार्यालय में पहुंच पाएगा। उल्लेखनीय है कि 19 अगस्त तक आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित फीस को लेकर भी प्रशिक्षित बेरोजगारों ने रोष व्यक्त किया। सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों को टेट के लिए आवेदन करने को 1500 रुपये तक की राशि खर्च करनी पड़ेगी। प्रशिक्षित बेरोजगारों कविता सूद, बीटा पटियाल, आरती, रंजना कुमारी, विन्नी, दीपक, तनुजा, राजीव, राधा रानी, राजकुमार का कहना है कि बोर्ड ने जल्दबाजी में टेट का कार्यक्रम घोषित किया है। अभ्यर्थियों को टेट के संबंध में मंगलवार को ही जानकारी मिली, 19 अगस्त तक दो अवकाश हैं। परीक्षा के लिए फार्म लेने, भरकर प्रेषित करने के लिए कम से कम दो दिन का समय लगेगा। डाक से फार्म भेजने पर तीन से पांच दिन तक का समय लगेगा। ऐसे में बोर्ड के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बहुत कम अभ्यर्थियों के फार्म पहुंच पाएंगे और सैकड़ों अभ्यर्थी वंचित रह जाएंगे। बोर्ड ने सामान्य श्रेणी के लिए आवेदन फार्म का शुल्क 800 रुपये निर्धारित किया है। यह प्रशिक्षित बेरोजगारों के लिए शुल्क बहुत अधिक है। पिछली बार आयोजित टेट के लिए फार्म का मूल्य पांच सौ रुपये रखा था। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाने तथा आवेदन फार्म का शुल्क तर्कसंगत करवाने का आग्रह किया।
बढ़ाई जा सकती है अंतिम तिथि
आवेदन की अंतिम तिथि को लेकर विचार चल रहा है। अंतिम तिथि बढ़ाई जा रही है। बोर्ड अपने स्तर पर परीक्षा का संचालन करता है, प्रोस्पेक्टस मूल्य में ही परीक्षा फीस भी शामिल है। अभ्यर्थियों को अलग से ड्राफ्ट बनवाने या अन्य किसी तरह से फीस भेजने की आवश्यकता नहीं होगी। केवल फार्म भरकर भेजना होगा।
