
नालागढ़ (सोलन)। केंद्रीय छात्र संघ चुनाव में इस बार नालागढ़ महाविद्यालय में अभाविप के पैनल में हो रहे बदलाव के बाद मंगलवार को एक बार फिर पैनल में फेरबदल किया गया है। इस बार हुए फेरबदल में विद्यार्थी परिषद के बीच महासचिव पद के प्रत्याशी बदलने को लेकर उठी मतभेद की चिंगारी को भी विराम लगाया गया है और महासचिव पद के बदले हुए प्रत्याशी नरेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया गया है। विद्यार्थी परिषद के अब घोषित हुए पैनल में अध्यक्ष पद पर उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी सौरभ भारद्वाज को कमान सौंपी गई है और नरेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष, महासचिव पद पर नई छात्रा प्रत्याशी सीमा और संयुक्त सचिव पद पर ब्रजेश्वरी देवी को चुनाव मैदान में उतारा गया है। महासचिव पद के प्रत्याशी बदलने से पहले नाराज विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में अब खुशी है और अब अपने पैनल को वह 50 फीसदी महिला आरक्षण का नाम दे रहे हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की नहीं पूरी हो रही थी हाजिरी
अभाविप के पैनल में पहले अध्यक्ष पद पर उतारे गए प्रत्याशी रणवीर ठाकुर की महाविद्यालय में कक्षाओं की उपस्थिति पूरी नहीं हो रही थी। विद्यार्थी परिषद ने मंगलवार को नामांकन भरने से पूर्व ही अध्यक्ष पद के प्रत्याशी का नामांकन रद होने का अंदेशा देखते हुए अध्यक्ष पद पर ही प्रत्याशी बदल डाला है, जिससे विद्यार्थी परिषद का पैनल सही पाया जा सके। बीते वर्ष की तरह इस बार भी विद्यार्थी परिषद के पैनल में दो छात्रा प्रत्याशी हैं, वहीं एनएसयूआई में एक और एसएफआई के पैनल में एक भी छात्रा प्रत्याशी नहीं है।
चारों सीटें इस बार फिर जीतेगी अभाविप
अभाविप चुनाव प्रभारी इतेंद्र पाल सिंह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य हरविंदर सिंह और इकाई अध्यक्ष आशीष गुलेरिया ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने पैनल को मजबूत बनाने और उभरे विवाद को शांत करने के लिए पैनल में फेरबदल किया है और चारों सीटों पर इस बार भी अभाविप परचम फहराएगी।
