ब्लैक गैंग हिमाचल की सीमाओं में!

बद्दी (सोलन)। हरियाणा राज्य के खेड़वाली स्कूल में ब्लैक गैंग के सदस्य दिखाई देने के बाद हिमाचल की सीमा के गांवों के लोगों ने जाग कर रात बिताई। लोगों ने पुलिस के साथ ठिकरी पहरा दिया, बावजूद इसके कोई भी सदस्य पकड़ में नहीं आया है।
हिमाचल की सीमा के साथ हरियाणा राज्य में खेड़ावाली स्कूल में कुछ छात्राओं ने काला गिरोह के कुछ लोगों को देखा। इन छात्राओं ने इसकी सूचना अपनी शिक्षिका को दी। शिक्षिका ने इस संदर्भ में हरियाणा के पिंजौर थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने गिरोह के सदस्यों का पीछा किया। पुलिस का मानना था कि वह हिमाचल की सीमा में घुस गए। जिस पर हरियाणा के करणपुर, जोलूवाला और चरणिया गांव के लोगों ने इसकी सूचना हिमाचल के गांवों कालू झिंडा, कटियां और शेरां गांव के लोगों को दी। सूचना मिलते ही गांवों के लोगों ने रात भर जाग कर रात काटी तथा बरोटीवाला पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस ने भी इन गांव की सीमा पर रात्रि गश्त की। पंचायत प्रधान माधो राम मेहता और कालू झिंडा की प्रधान राजकुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल गए थे। गांव के युवाओं ने रात भर टीमों में बंट कर डंडों के साथ पहरा दिया तथा पुलिस का भी सहयोग मिला। लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा।
उधर, पिंजौर थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि स्कूल की शिक्षिका की सूचना पर टीम मौके पर भेजी थी लेकिन पुलिस को देख कर गिरोह के सदस्य हिमाचल की सीमा पार कर गए थे। वहीं एसपी बद्दी अरुल कुमार ने बताया कि लोगों की सूचना पर पुलिस ने सीमा पर बरोटीवाला पुलिस की गश्त बढ़ा दी थी, लेकिन पुलिस के हाथ गिरोह का कोई भी सदस्य हत्थे नहीं चढ़ा।
यह है ब्लैक गैंग
पंजाब और हरियाणा में ब्लैक गैंग का आतंक है। पुलिस के मुताबिक काले रंग का तेल लगाकर यह घरों में घुसते हैं। मर्डर करके लूटपाट की घटनाओं के अलावा छेड़खानी और बलात्कार आदि के मामलों में इनका खौफ है।

Related posts