बीडीसी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष की कुर्सी गई

कांगड़ा। बीडीसी अध्यक्ष देवी लाल और उपाध्यक्ष आशा कुमारी बहुमत साबित नहीं कर पाए हैं। अविश्वास प्रस्ताव में इन दोनों की कुर्सी चली गई है। इन दोनों के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव में उन्हें मंगलवार को बहुमत साबित करना था। इसे लेकर जिला पंचायत अधिकारी राजेंद्र धीमान की अध्यक्षता में पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मंगलवार को बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में समिति अध्यक्ष देवीलाल ने अपने विचार रखे और सदस्यों को एकजुट होकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करने का आग्रह किया। देवीलाल ने सदस्यों से उनके खिलाफ लाए अविश्वास प्रस्ताव को वापस लेने का आग्रह किया। इस पर असंतुष्ट समिति सदस्यों ने जिला पंचायत अधिकारी राजेंद्र धीमान से गुप्त मतदान करवाने का आग्रह किया। मतदान उपरांत समिति अध्यक्ष देवी लाल के समर्थन में छह व विरोध में 18 सदस्यों ने वोट डाले जबकि उपाध्यक्ष आशा कुमारी के समर्थन में पांच व विरोध में 19 सदस्यों ने मतदान कर अपना अविश्वास जताया। बैठक में दो पंचायत समिति सदस्य अनुपस्थित थे। जिला पंचायत अधिकारी राजेंद्र धीमान ने बताया कि गुप्त मतदान के जरिये अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ है। शीघ्र ही समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव करवा दिया जाएगा। बैठक में खंड विकास अधिकारी शशि पटियाल भी उपस्थित रहे। पंचायत समिति में विश्वास मत हासिल करने में नाकाम रहे अध्यक्ष देवीलाल ने कहा कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव कांग्रेस पार्टी के बैनर तले अवश्य लड़ेंगे।

Related posts