पत्थर लगने से ग्रेफ के जवान की मौत

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले के शोंगठोंग के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों ने ग्रेफ के जवान की जिंदगी लील ली। काम करने के बाद लंच कर रहे जवान की सिर पर पत्थर लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
झारखंड निवासी विनोद उराव पुत्र तिजा उराव मंगलवार दोपहर को शोंगठोंग के पास अपने साथियों के साथ लंच कर रहा था। इस दौरान पहाड़ी से पत्थर खिसका जो उसके सिर पर लगा। पत्थर से सिर पर गहरी चोट लगने से जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर रिकांगपिओ थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। रिकांगपिओ थाना के एएसआई स्वरूप ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मृतक की पत्नी ग्रेफ में ही काम करती है। दो भाई रिकांगपिओ में काम करते हैं।
ग्रेफ के ओसी एचआर वनराज ने जवान की हादसे में मौत होने पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ग्रेफ की ओर से मृतक के परिजनों की हरसंभव सहायता की जाएगी।

Related posts