कड़साई में युवती ने निगला जहर

बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र की तनोह ग्राम पंचायत के तहत पड़ते कड़साई में एक युवती ने जहर निगल लिया, जिससे उसकी हालत खराब हो गई है। युवती को उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल लाया गया, जहां से उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कड़साई निवासी एक 21 वर्षीय युवती ने गलती से खांसी की दवाई की जगह अलमारी में रखी कोई जहरीली दवा गटक ली। इसके बाद उसे उल्टियां आनी शुरू हो गईं। उसे तुरंत सीएचसी बंगाणा लाया गया, जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे तुरंत ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया। बंगाणा थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने युवती के बयान दर्ज कर लिए हैं। युवती ने अपने बयान में बताया कि उसे खांसी और बुखार की शिकायत थी। खांसी की दवाई पास ही अलमारी में रखी हुई थी। खांसी की दवाई समझ कर उसने कोई जहरीली दवाई ले ली। पुलिस ने लड़की के बयान दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

Related posts