उम्मीदवार की मार्कशीट ले भागा छात्र

ऊना। राजकीय महाविद्यालय ऊना में मंगलवार को नामांकन पत्र भरने के दौरान एक छात्र एबीवीपी के सीआर पद के उम्मीदवार की मार्कशीट लेकर फरार हो गया, जिससे कालेज में तनावपूर्ण माहौल पैदा हो गया। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसकी शिकायत एबीवीपी ने कालेज प्राचार्य को लिखित रूप से की। देखते ही देखते कालेज परिसर में छात्रों की भीड़ उमड़ गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए खड़े पुलिस कर्मियों ने मामले को गर्माता देख इसे शांत करवाया। एबीवीपी के पूर्व इकाई अध्यक्ष जसविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जब सीआर पद का उम्मीदवार नामांकन भर रहा था। इसी दौरान एक एनएसयूआई का कार्यकर्ता एबीवीपी के सीआर की मार्कशीट लेकर भाग गया। जब विद्यार्थी परिषद ने इसका विरोध किया तथा लिखित रूप में प्राचार्य से शिकायत की। तब कालेज प्रशासन ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया। तब वह मार्कशीट वापस आई। जसविंद्र ने कहा कि यदि एबीवीपी के कार्यकर्ता इसका विरोध नहीं करते तो कालेज प्रशासन एनएसयूआई के साथ मिलकर एबीवीपी का एक सीआर भी कैंसल कर देते तथा एबीवीपी को नामांकन भी नहीं करने देते। उन्होंने कहा कि एबीवीपी को छात्रों का भारी समर्थन मिलने के चलते एनएसयूआई कार्यकर्ता बौखला गए हैं, जिसके चलते वे ऐसे हथकंड़े अपना रहे हैं। उधर, कालेज के प्राचार्य डा. एसके चावला का कहना है कि छात्र की अंक तालिका गुम हो गई थी, जिसके संदर्भ में लिखित शिकायत मिली थी, कालेज प्रशासन ने तुरंत मामले पर संज्ञान लेते हुए अंक तालिका वापस हासिल कर छात्र को प्रदान कर दी है।

Related posts