बंजार के 29 स्कूलों में 50 पद रिक्त

कुल्लू। बंजार विधानसभा क्षेत्र में भी शिक्षा के हालात ठीक नहीं हैं। यहां के स्कूलों में भले ही प्रिंसिपल और मुख्याध्यापकों के पद लगभग भरे हैं लेकिन स्कूल में अन्य स्टाफ की भारी कमी चल रही है। घाटी के 16 वरिष्ठ और 13 हाई स्कूलों में क्रमश: एक प्रिंसिपल का एक और मुख्याध्यापकों के तीन पद रिक्त पड़े हैं। हिंदी विषय के छह पद खाली हैं। अंग्रेजी का एक, हिस्ट्री के छह, राजनीतिक शास्त्र के चार, इक्नोमिक्स के तीन, जियोग्राफी का एक पद सालों से खाली चल रहा है।
महत्वपूर्ण विषय गणित के पांच, कामर्स के तीन, फिजिक्स का एक, सोशोलॉजी का एक पद भी रिक्त है। गुशैणी, चनौन, बंजार, पुजाली तथा थाटीबीड़ स्कूलों में अधीक्षक ग्रेड दो के पदों को नहीं भरा गया है। सीसे स्कूल सैंज, पुजाली, थाडीबीड़, कनौन, ब्रैहिण तथा हाई स्कूल छैंउंर, पलाहच, रैला, कलवारी तथा मंगलौर स्कूल बिना बाबुओं के चले रहे हैं।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के आते ही स्कूल अध्यापकों के बिना खाली हो गए हैं। इसका खामियाजा बच्चों और उनके अभिभावकों को भुगतना पड़ रहा है। पूर्व भाजपा सरकार के दौरान जिला के ऐलीमेंटरी और उच्च स्कूलों में शिक्षा की बेहतर स्थिति थी लेकिन अब स्टाफ की कमी है। इसके लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेदार है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक जगदीश ने कहा कि रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग प्रयासरत है। विभाग की तरफ से इसकी रिपोर्ट शिमला भेजी जाती रही है। नई भरती प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही रिक्त पदों को भरने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts