
बंजार (कुल्लू)। बंजार कालेज में एनएसयूआई दो फाड़ हो गई है। दोनों गुटों ने अलग-अलग नामांकन दाखिल किए हैं। दोनों समानांतर संगठन अपनी-अपनी जीत का दावा भी कर रहे हैं। बंजार कैंपस अध्यक्ष आशीषकांत ने एनएसयूआई पैनल की घोषणा करते हुए अध्यक्ष पद के लिए अजय ठाकुर, उपाध्यक्ष पद के लिए अर्जुन सिंह, महासचिव पद के लिए ललिता देवी और संयुक्त सचिव पद पर ललित कुमार को मैदान में उतारा है।
संगठन ने अधिकारिक तौर पर पैनल का नामांकन भी दाखिल करवा दिए हैं। वहीं एनएसयूआई के जिला महासचिव टिकम राम ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय बंजार में एनएसयूआई के पैनल ने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। इसमें बंजार एनएसयूआई की तरफ से अध्यक्ष पद के लिए विजय कुमार, उपाध्यक्ष पद के लिए रविंद्र, महासचिव पद के लिए राकेश कुमार तथा संयुक्त सचिव के लिए सवित्रा ने पर्चे भरे हैं।
एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने कहा जिस पैनल की घोषणा संबंधित महाविद्यालय के कैंपस अध्यक्ष ने की है वह पैनल संगठन की दृष्टि से अधिकृत माना जाएगा। कहा कि अगर कोई संगठन को तोड़ने की कोशिश करता है तो उससे जवाबतलब किया जाएगा।
