
चंडीगढ़: पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद पवन कुमार बंसल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं की वजह से देश में लोकतंत्र एक मजाक बनकर रह गया है। भाजपा की नीतियां जनता विरोधी हैं। बंसल रविवार को मौलीजागरां में आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की वजह से ही लोगों के अति महत्वपूर्ण बिल संसद में पास नहीं हो पा रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण फूड सिक्योरिटी बिल है।
यू.पी.ए. सरकार इस बिल को जल्द से जल्द पास करवाने के हक में थी लेकिन भाजपा नेताओं ने बार-बार संसद की कार्रवाई में रुकावट डालकर इस बिल के फायदों से लोगों को महरूम रखा।
हालांकि यू.पी.ए. के प्रयासों से अब यह स्कीम 20 अगस्त से लांच हो रही है। जिससे देश 67 प्रतिशत लोगों को फायदा मिलेगा। चंडीगढ़ के भी लगभग 50 प्रतिशत लोग इस स्कीम का फायदा उठाएंगे। इस स्कीम के जरिए आटा और चावल एक, दो और तीन रुपए प्रति किलो मिलेगा। बंसल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही लोगों की भलाई के लिए काम करती आई है।
यू.पी.ए. सरकार ने चंडीगढ़ को अधिकतम फंड करवाया मुहैया
यू.पी.ए. सरकार ने चंडीगढ़ को अधिकतम फंड मुहैया करवाए हैं। जिनमें गांव और कालोनियों के विकास से जुड़े कई प्रोजैक्ट शामिल हैं। 25000 झुग्गिवासियों को पुनर्वासित करने की स्कीम पास है, इन लोगों के लिए 14000 घर बनकर तैयार हो चुके हैं। बंसल ने कहा कि यू.पी.ए. सरकार द्वारा सड़क के किनारे दुकान लगाने वालों का सर्वे किया जा रहा है। जिसके आधार पर यू.पी.ए. द्वारा उनकी आजीविका के लिए पॉलिसी तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर पवन कुमार बंसल की पत्नी मधु बंसल, डिप्टी मेयर सतीश कैंथ, सीमा राणा, पार्षद हरफूल कल्याण, सत प्रकाश अग्रवाल, एच.एस. लक्की, राजीव मौदगिल, यादविंद्र मेहता, पवन शर्मा, प्रिंसीपल गुरचरण सिह, शशि शंकर तिवारी, अमनदीप, मीनाक्षी चौधरी, गुरप्रीत गाबी, मनिंद्र ढिल्लों और राकेश कुमार भी मौजूद थे।
