
अंब (ऊना)। उपमंडल के तहत गांव कुठयाड़ी में एक युवक की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर इसे परिजनों के हवाले कर दिया है, जबकि मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 वर्षीय तरुण शर्मा पुत्र यशपाल गांव कुठयाड़ी ने रविवार रात गलती से मक्खियां मारने की दवाई निगल ली, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसके चलते परिजन उसे अंब के स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। ऊना जाते समय रास्ते में ही युवक की मृत्यु हो गई। अंब के एसएचओ ओम प्रकाश ने बताया कि मौत से पूर्व युवक की ओर से दिए गए बयान में उसने बताया था कि उसने गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया था। एसएचओ ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
