लाखों की नशीली दवाएं पकड़ीं

ऊना। नशीली दवाइयों के आरोप में पकड़े आरोपी से भारी मात्रा में नशीली दवाइयों का जखीरा पकड़ा गया है। शनिवार को पुलिस टीम ने बाइक सवार व्यक्ति मनमोहन शर्मा पुत्र सतपाल शर्मा निवासी आदर्श नगर ऊना को शनि मंदिर के पास नाकेबंदी के दौरान नशीली दवाओं सहित पकड़ा था। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे चार दिन के रिमांड पर भेजा गया था।
रिमांड के दौरान पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी से कई अहम सुराग लगे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सोमवार को भड़ौलियां खुर्द में किराए के मकान में दबिश दी, जहां आरोपी ने नशीली दवाओं का स्टोर बनाकर रखा हुआ था। पुलिस ने चैकिंग के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां पकड़ी हैं। थाना सदर के एसएचओ केएल बैरी ने टीम सहित भड़ौलियां खुर्द के पास आरोपी की निशानदेही पर छापेमारी की गई, जहां एक घर में छिपाकर रखी नशीली दवाएं प्राप्त हुईं। पुलिस टीम ने पूरी खेप को कब्जे में ले लिया। पुलिस की ओर पकड़ी भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप में पैरवन स्पास, प्रोक्सीवॉन और स्पास प्रोेक्सीवॉन के 23192 कैप्सूल, नैराजैसिक, एविल, कैविल के 1524 इंजेक्शन, कारेक्स और रेक्सकैफ की एक्सप्लॉन की 106 शीशियाें के अतिरिक्त 3570 नशीली गोलियां भी बरामद की गई हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, ड्रग इंस्पेक्टर निशांत सरीन ने बताया कि जिले में पकड़ा गया नशीली दवाओं का यह सबसे बड़ा जखीरा है। उन्होंने बताया कि इनकी कीमत लगभग दो लाख रुपये है।

Related posts