
नादौन (हमीरपुर)। राज्य स्तरीय अंडर-19 बास्केटबाल प्रतियोगिता में लड़कियों में सिरमौर तथा लड़कों में ऊना ने खिताब पर कब्जा जमाया। अंतिम दिन रविवार को खेले गए फाइनल में लड़कियों के वर्ग में सिरमौर ने मंडी को 41-30 से शिकस्त दी। लड़कों में ऊना ने स्पोर्ट्स हॉस्टल पपरोला को 66-52 से हराकर ट्राफी जीती। लड़कों का फाइनल बारिश के कारण प्रभावित हुआ। बारिश के चलते मैच 56-34 के स्कोर पर कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। समापन पर बास्केटबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव अजय सूद मुख्यातिथि थे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार बांटे। रविवार को ही प्रतियोगिता के चारों सेमीफाइनल खेले गए। लड़कों के पहले सेमीफाइनल में ऊना ने कांगड़ा पर एकतरफा मुकाबले में 57-29 से जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल पपरोला ने मंडी को 49-24 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। लड़कियोंयों के पहले सेमीफाइनल में सिरमौर ने बिलासपुर को 34-21 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे मुकाबले में मंडी ने हमीरपुर को 45-33 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। आयोजक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को प्रतियोगिता का अंतिम दिन था। सभी टीमों के खिलाड़ी ट्राफियों सहित अपने गंतव्यों को रवाना हो गए।
