
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत देहग्रां के चार गांव में एक हफ्ते से बिजली नहीं आ रही है। इस कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रातें गुजारनी पड़ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक देहग्रां पंचायत के गांव भड़सर एक, दो, तीन और धनावल में पिछले एक हफ्ते से बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली न होने के कारण गृहणियों को खाना बनाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसके अलावा स्कूली बच्चों को पढ़ाई करने में मुश्किलें पैदा हो रही है। इस कारण 2500 के करीब आबादी प्रभावित हो रही है। स्थानीय निवासी पीर मोहम्मद, गनी मोहम्मद, जान मोहम्मद, लाल चंद, शिव लाल, हुशियारू, चतर सिंह, हेम राज अशोक कुमार, प्यार दीन, राजकुमार, हरि सिंह, ज्ञान चंद, राकेश कुमार, सुमन कुमार, शाजिद खान और हाकम दीन ने बताया कि उन्हें ईद का त्यौहार भी बिना बिजली के मानाना पड़ा। इस कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या के बारे में बोर्ड के लाइनमैन को कई बार बताया गया, लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इस कारण ग्रामीणों को काफी अड़चनें पेश आ रही हैं। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अश्विनी कुमार ने बताया कि ऐसी शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसा है तो जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
