पशुपालन के लिए 260 करोड़: भरमौरी

भरमौर (चंबा)। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में खेल गतिविधियों को ग्रामीण स्तर तक बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प है। इससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भरमौर के विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 24 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। पशुपालन विभाग में शीघ्र 45 चिकित्सकों के पद भरे जा रहे हैं। चालू वित्त वर्ष में पशुपालन गतिविधियों के विकास के लिए 260 करोड़ रुपये व्यय करने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश मेें 50 लाख से अधिक पशु हैं। इससे प्रदेश में सात लाख मीट्रिक टन दूध का उत्पादन हो रहा है। युवा अगर डेयरी फार्म में अपनी ऊर्जा लगाएं तो इस क्षेत्र में आधारभूत विकास की संभावनाएं हैं। वन मंत्री ने विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन योजना के तहत इस वर्ष जिला चंबा के स्वयं सहायता समूहों के लिए सात प्रतिशत ब्याज पर 1642.99 करोड़ रुपये ऋण आवंटन का लक्ष्य रखा गया है। इंदिरा आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को 75 हजार रुपये की दर से मकान उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इस वर्ष जिला चंबा में 949 मकान निर्मित करवाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 711. 750 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत जिला में 25114 परिवारों को रोजगार प्रदान किया गया है। इसके साथ ही 17 करोड़ 27 लाख रुपये की राशि खर्च कर 5.30 लाख कार्य दिवस अर्जित किए जा चुके हैं। अभी तक इस योजना के तहत 950 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।

Related posts