गलत ओवरटेक से गिरे बाइक सवार श्रद्धालु

अंब (ऊना)। श्रावण अष्टमी मेले में आए श्रद्धालुओं के दो गुटों में पास देने को लेकर हुई खूनी झड़प में दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक गुट ने दूसरे गुट की एक मोटरसाइकिल की हेडलाइट और इंडीकेटर तोड़ डाले हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि बाद में दोनों गुटों ने पुलिस के समक्ष समझौता कर लिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं के दो गुट चिंतपूर्णी से माथा टेक कर अपने घर वापस जा रहे थे कि घे दा घट्टा के पास गुरदासपुर से आ रहे करीब छह मोटरसाइकिल सवारों ने नवांशहर से आए श्रद्धालुओं के मोटरसाइकिल को गलत तरीके से ओवरटेक किया, जिससे बलविंद्र सिंह एवं नारायण नामक दो श्रद्धालुओं का मोटरसाइकिल असंतुलित होने के कारण गिर पड़ा और वे घायल हो गए। घटना के बाद दोनों गुटाें में बहसबाजी छिड़ गई। बात इतनी बढ़ी कि नवांशहर से आए श्रद्धालुओं ने गुरदासपुर से आए श्रद्धालुओं की जमकर पिटाई कर डाली एवं उनकी एक बाइक की हेडलाइट एवं इंडिकेटर तक तोड़ डाले। बलविंद्र सिंह एवं नारायण को गगरेट मार्ग स्थित एक निजी चिकित्सालय ले जाकर उनकी मरहम पट्टी करवाई गई। उधर, अंब ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि दोनाें पक्षों की आपसी रजामंदी के कारण कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

Related posts