
चंडीगढ़: रामदरबार फेज-2 के एक घर में चोरों ने शुक्रवार रात सेंध लगा दी। घटना के दौरान परिवार ‘चेन्नई एक्सप्रैस’ फिल्म देखने गया हुआ था। परिवार के मुताबिक करीब साढ़े चार लाख रुपए की नकदी व 4 लाख रुपए के गहने व एक मोबाइल फोन चोरी हुआ है। चोरी की इस घटना में पड़ोसी के घर के बाहर लगा सी.सी.टी.वी. फुटेज कैमरा मददगार साबित हुआ।
कैमरे में एक लड़की व लड़का संबंधित मकान के बाहर संदिग्ध हालत में दिखे। लड़की नाबालिग है और रामदरबार कालोनी की ही बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में लड़की ने बताया है कि उसके गिरोह में करीब आधा दर्जन सदस्य शामिल हैं। इनमें दो नाबालिग युवक भी हैं। पुलिस ने फॉरैंसिक टीम के साथ संबंधित घर की जांच की। थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चोरी का निशाना बने मकान नंबर-502 में रहने वाले सोहन लाल ने बताया कि इससे पहले साथ के ही मकान नंबर-503 में भी वीरवार को चोरी हुई थी।
सी.सी.टी.वी. फुटेज में दो नाबालिगलड़के कैद हुए थे, हालांकि उनकी पहचान नहीं हो पाई थी। बच्चों की जिद पर गए थे फिल्म देखने प्रॉपर्टी का कारोबार करने वाले मूलरूप से हरियाणा के इस्माइलाबाद के सोहन लाल का कहना है कि उन्होंने परिवार समेत 4 महीने पहले ही यहां शिफ्ट किया था। उनके दो छोटे बच्चे बीती रात फिल्म चेन्नई एक्सप्रैस देखने की जिद करने लगे।
बच्चों की जिद के आगे सोहन लाल रात का खाना खाकर फिल्म के लिए निकल पड़े। रात करीब 10.30 बजे का शो देखकर जब वह करीब 1.30 बजे लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर जब घर में घुसे तो नकदी व गहने चोरी थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
