
केलांग। पंजाब के बलजिंद्र सिंह ने देश की सबसे ऊंची हॉफ मैराथन जीतकर एक कीर्तिमान स्थापित किया। महिला वर्ग में हमीरपुर की रीता प्रथम रहीं। केलांग में युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने हॉफ मैराथन का आयोजन किया। समुद्र तल से 10050 फुट की ऊंचाई पर आक्सीजन की कमी के बावजूद पंजाब के बलजिंद्र सिंह ने बिना किसी दिक्कत के 21 किलोमीटर लंबी दौड़ में पहला स्थान पाया। उन्होंने एक घंटा 19 मिनट और 26 सेकेंड में यह दौड़ पूरी की। वहीं, हमीरपुर की रीता ने एक घंटा 36 मिनट और 2 सेकेंड में दौड़ पूरी की। पुरुषों की दस किमी दौड़ में पंजाब के जुआर सिंह, छह किमी महिला वर्ग में जोगिंद्रनगर की कांता देवी, केलांग के सोनम, तिंदी के मनीश, पंजाब के जगप्रीत सिंह, जोगिंद्रनगर की शालू ठाकुर, केलांग के सूरज और तिंगरेट की तंजिन लामो प्रथम रहे। विजेता खिलाड़ियों को विधायक रवि ठाकुर ने पुरस्कृत किया। हॉफ मैराथन में 258 धावकों ने भाग लिया।
महिला और पुरुष वर्ग की 21 किमी मैराथन पुलिस ग्राउंड केलांग से सलसल नाला से वापस पुलिस मैदान, पुरुष के क्वार्टर मैराथन के लिए 10 किमी पुलिस मैदान केलांग से कमांडर नाला से वापस पुलिस मैदान केलांग। महिलाओं के लिए क्वार्टर मैराथन 6 किमी पुलिस मैदान से युरनाथ और वापस पुलिस मैदान। 19 साल के कम लड़कों के लिए 6 किमी मैराथन पुलिस मैदान से विलिंग नाला और वापस पुलिस मैदान। लड़कियों की 4 किमी दौड़ करवाई गई। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग का जिम्मा देख रहे एसडीएम केलांग प्रशांत सरकेक का दावा है कि यह देश में सबसे ऊंची हॉफ मैराथन है।
