
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उपमंडल देहरा में शुक्रवार को हुई भारी बारिश ने तबाही मचाई है। लोनिवि और आईपीएच को भारी नुकसान हुआ है। आईपीएच उपमंडल डाडासीबा की आधा दर्जन योजनाओं की पाइपें भारी बारिश से बह गई हैं। करीब एक दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई या पूरी तरह से ठप हो गई है। डूहकी-कस्बा-दिदियां पपलोथर, बस्सी-पट्टी, सांडा-बाड़ी और बठरा पेयजल योजनाओं को काफी नुकसान पहुंचा है। इन योजनाओं की पाइपें बहने से एक दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। मलोट, स्यूल, जब्बर, बसलाहड़, लंडियाड़ा, बठरा, सांडा, बाड़ी और बठरा आदि गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप है। इन गांवों तक पेयजल पहुंचाने के लिए विभाग को नई पाइपें बिछानी होंगी। इस कार्य में तीन सप्ताह तक का समय लग सकता है।
सूत्र बताते हैं कि आईपीएच मंडल देहरा के स्टोर में वर्तमान में पाइपें ही नहीं हैं। अब नई पाइपें हमीरपुर से मंगवानी होंगी। इस प्रक्रिया में काफी समय लग सकता है। लोनिवि मंडल देहरा को कई जगहों पर सड़कों पर ल्हासों के गिरने, पुलियों और डंगों के बहने आदि से करीब 3 करोड़ का नुकसान हुआ है। लोनिवि ने दावा किया है कि उन्होंने करीब सभी संपर्क सड़कों को खोल दिया है।
लोनिवि के एक्सईएन आरके मिन्हास ने बताया कि शुक्रवार को हुई बारिश से विभाग को करीब 3 करोड़ का नुकसान हुआ है। आईपीएच उपमंडल डाडासीबा के एसडीओ बीआर शर्मा ने माना कि कई स्कीमों की पाइपें बहने से कई गांवों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। शीघ्र ही नई पाइपें बिछाकर आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
