80 हजार ने नवाया मां के चरणों में शीश

चिंतपूर्णी (ऊना)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में श्रावण नवरात्र मेले के चौथे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं को दर्शनों के लिए घंटों तक लाइनों में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। दर्शन करने वालों की लाइनें रात से ही काफी लंबी-लंबी लगी हुई थीं। माता के दर्शन को उमड़े श्रद्धालुओं की लाइनें बैरियर को भी पार कर चुकी थीं। श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करने के लिए कम से कम सात से आठ घंटे का इंतजार करना पड़ रहा था। लाइन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। श्रावण मेले के चौथे दिन करीब 80 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने माता की पवित्र पिंडी के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान का कहना है कि भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर को रात को केवल 12 से साढ़े 12 बजे तक ही बंद किया जाता है। उधर, एसडीएम सुखदेव ने मुख्य बाजार में पैदल दौरा कर बाजार का जायजा लिया और लंगर को भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा- निर्देश दिए। मनोकामना पूरी होने पर कई श्रद्धालु भरवाईं से दंडवत होकर के माता के दरबार में शीश झुकाकर अपने परिवार की समृद्धि की कामना करते हैं।

Related posts