शीतल के सिर सजा मिस तीज का ताज

ऊना। हिमोत्कर्ष कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द में शनिवार को तीज समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में उपायुक्त अभिषेक जैन की धर्मपत्नी आरुषि जैन ने शिरकत की। समारोह में एसपी अनुपम शर्मा की धर्मपत्नी आक्षी शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुई। इस मौके पर महाविद्यालय में पांच प्रतियोगिताओं मिस तीज, मेहंदी, रंगोली, व्यंजन व नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर मिस तीज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीए प्रथम वर्ष की छात्रा शीतल ने हासिल किया, जबकि दूसरे स्थान पर बीए द्वितीय वर्ष की नेहा तथा तृतीय स्थान पर बीए तृतीय वर्ष की ईशा ठाकुर रही। इस अवसर पर प्रथम स्थान पर रही छात्रा को 1100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रही छात्रा को 500 रुपये व तृतीय स्थान पर रही छात्रा को 400 रुपये के नकद पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा मेहंदी प्रतियोगिता में जमा दो कक्षा की कृति धीमान ने प्रथम व सपना ने द्वितीय स्थान हासिल किया। रंगोली प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा स्नेह एवं रेणु ने प्रथम व एमए इतिहास की छात्रा ने द्वितीय स्थान पर स्थान हासिल किया। वहीं व्यंजन मेकिंग प्रतियोगिता में दही भल्ला में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा अर्चना प्रथम एवं जमा एक की यास्मिन द्वितीय रहीं। पतेहड़ व्यंजन में एम इतिहास की मधु प्रथम व बीए तृतीय वर्ष की आरती द्वितीय स्थान पर रही। माल पूडे़ व्यंजन में प्रथम स्थान पर ईशा ठाकुर एवं द्वितीय स्थान पर सोमा रही। खीर व्यंजन में प्रथम स्थान पर सुनीता व द्वितीय स्थान पर प्रियंका रही। इसके अतिरिक्त नृत्य प्रतियोगिता में शीतल ने प्रथम व माधवी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। समूह नृत्य में गिद्दा प्रथम व मिक्स भंगड़ा द्वितीय रहा। रीना ने पहाड़ी गीत की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में राणा शमशेर सिंह, ठाकुर यशपाल सिंह, प्रवीण जम्बाल, पूनम जसवाल, रंजना जसवाल, हरप्रीत व रोहित वर्मा ने विशेष भूमिका निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालय शिक्षा समिति के प्रदेशाध्यक्ष कंवर हरि सिंह व प्राचार्य बीके शर्मा सहित अन्य स्टाफ उपस्थित था।

Related posts