चुनावी तैयारी में जुटे छात्र संगठन

हमीरपुर। प्रदेश विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्र संगठनों को जोर का झटका धीरे से दिया है। प्रबंधन ने छात्र संगठनों की छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग तो पूरी कर दी लेकिन सप्ताह भर का समय प्रदान कर झटका भी दिया है। अब छात्र संगठनों का पूरा ध्यान चुनावों की तैयारी में लग गया है। छात्र संगठनों के लिए सात दिन की अवधि में चुनावी जंग की रणनीति तैयार कर जीत हासिल करना चुनौती से कम नहीं होगा। संगठन नेताओं को जीत हासिल करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ेगी। छात्र संगठनों के लिए दमदार प्रत्याशियों का पैनल चुनावी जंग में जल्द से जल्द तय कर उतारना तथा जीत के लिए छात्रों के बहुमत को अपने पक्ष में करना आसान नहीं होगा। विवि प्रबंधन द्वारा छात्र संघ चुनावों की घोषणा के पश्चात बैठकों का दौर शुरू हो गया है। पैनल के लिए प्रत्याशियों के चयन के लिए छात्र संगठनों ने कवायद शुरू कर दी है।

जिला हमीरपुर के अंतर्गत पांच सरकारी, दो मंदिर ट्रस्ट तथा चार निजी क्षेत्र में संचालित कॉलेजों में चुनावी जंग होगी।
जल्द घोषित होगा पैनल : एबीवीपी
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कैंपस अध्यक्ष तेन सिंह का कहना है कि जल्द ही पैनल की घोषणा कर दी जाएगी। डोर टू डोर अभियान शुरू कर समर्थन मांगा जाएगा।
चुनावों को तैयार एनएसयूआई
एनएसयूआई के कैंपस अध्यक्ष सन्नी खां का कहना है कि एनएसयूआई चुनावों के लिए तैयार है तथा सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस बार प्रचार के लिए कम समय मिला है।
निकुंज

Related posts