मणिकर्ण के शाट में कब खुलेगी सब्जी मंडी

खराहल (कुल्लू)। कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के किसानों और बागवानों को आखिर प्रस्तावित सब्जी मंडी शाट में कब बनवाई जाएगी? यह सवाल घाटी के बागवान सरकार से कर रहे हैं। पूर्व सरकार ने इस प्रस्तावित सब्जी मंडी का शिलान्यास तो किया लेकिन सब्जी मंडी आजतक शुरू नहीं हो पाई।
दस सालों से सब्जी मंडी बनाने की योजना सिरे नहीं चढ़ पा रही है। ऐसे में घाटी के हजारों किसानों और बागवानों को कई किलोमीटर दूर भुंतर तथा अन्य सब्जी मंडियों का रुख करना पड़ रहा है। बागवानों का कहना है कि इस तरह से भाडे़ में ही उनकी आधी कमाई निकल जाती है। चुनाव के समय सभी राजनीतिक दल सब्जी मंडी खोलने की बात राजनीतिक मंच पर करते आए हैं। लेकिन बाद में इस मुद्दे को कोई नहीं उठाता। लंबे समय से मणिकर्ण घाटी में सब्जी मंडी खोलने की योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। हालांकि शिलान्यास कर सब्जी मंडी बनाने के सब्जबाग कई बार नेता बागवानों को दिखा चुके हैं।
घाटी के किसान और बागवान घरद्वार पर सब्जी मंडी की सुविधा न मिलने से काफी परेशान हैं। संजू, सुरेश ठाकुर, विवेक, किरण शर्मा, दुनी चंद, हीरालाल और अमरनाथ का कहना है कि मणिकर्ण घाटी के शाट में सब्जी मंडी खुलने से किसानों और बागवानों को राहत मिलेगी। साथ ही किराये के रूप में भी कम खर्चा करना पड़ेगा। इतना ही नहीं यातायात के लंबे सफर से उत्पाद भी खराब नहीं होगा। घाटी के प्रगतिशील बागवान एवं जल्लूग्रंा पंचायत के पूर्व प्रधान देवेंद्र शर्मा ने कहा कि घाटी में सब्जी मंडी न खोलकर पूर्व सरकार ने लोगों के साथ धोखा किया है। शिलान्यास आनन फानन में करके झूठी वाहवाही लूटी है। इसका खामियाजा उनके नेताओं को चुनाव में भुगतना भी पड़ा है। सब्जी मंडी तक सड़क निर्माण के लिए विधायक महेश्वर सिंह ने एक करोड़ का प्रावधान किया है। इस बावत किसान-बागवान सदर विधायक महेश्वर सिंह से मिले हैं। विधायक ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सब्जी मंडी खोल दी जाएगी। इससे घाटी की 16 पंचायतों के हजारों बागवानों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री से करेंगे बातचीत : महेश्वर
सदर के विधायक महेश्वर सिंह ने कहा कि किसानों और बागवानों की मांग के अनुसार मुख्यमंत्री से इस बाबत बातचीत करेंगे। इसके बाद लोगाें की लंबे समय से लंबित पड़ी इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts