
चंबा। जिला के छह ब्लॉकों में पाइका के तहत खेल मैदानों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से लगभग 38 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ब्लॉक भटियात में सबसे ज्यादा करीब 12 खेल मैदान बनाए जाएंगे। इसके अलावा चंबा में चार, उपमंडल भरमौर में तीन, विकास खंड सलूणी में चार, तीसा में पांच और ब्लॉक मैहला में करीब पांच खेल मैदान बनाए जाएंगे। इन खेल मैदानों के लिए खेल विभाग को लगभग 38 लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं। प्रत्येक खेल मैदान के निर्माण के लिए एक-एक लाख की राशि प्रदान की जाएगी। सरकार की ओर से प्रत्येक पंचायत के लिए हर वर्ष एक खेल मैदान बनाने के लिए बजट मंजूर किया जाता है। इसके तहत इस बार जिला की विभिन्न पंचायतों के लिए करीब 33 खेल मैदान बनाने को राशि मंजूर की गई है। इस संदर्भ में जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुदेश धीमान ने बताया कि जिला के छह ब्लॉकों में स्कूली बच्चों की खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए पाइका के तहत खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए राशि मंजूर हो चुकी है।
बाक्स………….
भनौता में बनेगा ब्लॉक स्तरीय खेल मैदान
जिला में 33 छोटे खेल मैदान के अलावा एक ब्लॉक स्तरीय पाइका सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसका निर्माण भनौता में किया जाएगा। खेल विभाग की ओर से इसके निर्माण पर लगभग पांच लाख रुपये खर्च होंगे। इस पाइका सेंटर में कबड्डी, हॉकी, बास्केट बाल व बैंडमिंटन समेत हर प्रकार की खेलों की फील्ड तैयार की जाएगी। यहां पर ब्लॉक स्तर की खेलें आयोजित हो सकेंगी।
