
केलांग। हिम ऊर्जा विभाग के माध्यम से घाटी के गांवों को सौर लाइटें आवंटित की जाएंगी। लाहौल घाटी के गांवों को रोशन करने के लिए इस पर 90 फीसदी तक की सब्सिडी सरकार दे रही है। यह जानकारी विधायक रवि ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि जवाहर लाल नेहरू नेशनल सोलर मिशन के तहत घाटी के गांवों में 765 सौर गली रोशनियां आवंटित की जाएंगी। विभाग 90 फीसदी अनुदान पर ग्रामीणों को यह लाइटें उपलब्ध करवा रहा है।
उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान जिला मुख्यालय में चौबीसों घंटे बिजली की आपूर्ति सुचारु रखने के लिए हिम ऊर्जा ने 400 किलोवाट क्षमता का विलिंग पावर हाउस चालू कर दिया है। इससे केलांग कस्बे को थिरोट और मनाली से बिजली आपूर्ति ठप होने की सूरत में भी 24 घंटे बिजली मिलती रहेगी। इससे सरकारी कामकाज प्रभावित नहीं होगा। रवि ठाकुर ने कहा कि हिम ऊर्जा विभाग के माध्यम से घाटी में बहने वाली नदियों और नालों पर मिनी हाइडल प्रोजेक्टों का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर सोसाइटियों को आवंटित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लाहौल स्पीति में मिनी हाइडल प्रोजेक्टों के जरिये करीब एक हजार मेगावाट के बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है।
