
मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय उद्योग संघ के दो परस्पर गुटों की आपसी जंग खत्म होने की बजाए और तेज हो गई है। कौशल गुट द्वारा बलतेज इंद्रसिंह को अध्यक्ष मनोनीत किए जाने के बाद अब सपाटिया गुट ने भी चुनावी झंडा उठाते हुए 26 अगस्त को उद्योग संघ के चुनावों की तारीख का ऐलान कर दिया है।
वार्ड पार्षद करणपाल सिंह चौधरी तथा उद्यमी एमएम सिंह चुनाव प्रभारी बनाए गए हैं जो चुनावी प्रक्रिया को पूरा करवाएंगे। कौशल गुट द्वारा मनोनीत किए गए अध्यक्ष बलतेज इंद्रसिंह की कार्यकारिणी को नकार दिया है। औद्योगिक क्षेत्र के सेवासदन में हुई सपाटिया गुट की बैठक में कहा गया है कि कौशल गुट द्वारा मनोनीत किए गए अध्यक्ष बलतेज इंद्रसिंह स्वयंभू अध्यक्ष हैं। औद्योगिक क्षेत्र के ज्यादातर सदस्य उनके साथ हैं जो 26 अगस्त को प्रस्तावित उद्योग संघ की चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेकर अपने मतों द्वारा मैहतपुर उद्योग संघ के नये अध्यक्ष का चुनाव करेंगे।
बैठक के बाद निवर्तमान अध्यक्ष अनिल सपाटिया ने एक ब्यान में कहा कि पूर्व अध्यक्ष छज्जूराम कौशल से उद्योग संघ तथा स्थानीय एक धर्मस्थल के हिसाब का लेखा जोखा मांगा गया था लेकिन न तो अध्यक्ष और न ही कोषाध्यक्ष शम्मी जैन ने आज तक आय-व्यय का कोई हिसाब हाउस को दिया और न ही बैठक में हाजिर हुए। अब सपाटिया गुट द्वारा चुनावों की तारीख का ऐलान किए जाने के साथ ही स्थानीय उद्यमियों के बीच पैदा हुए आपसी तनाव के खत्म होने के तमाम रास्ते बंद हो गए हैं।
पूर्व अध्यक्ष बलराम की मानें तो दोनों गुट एक दूसरे के खिलाफ आरोपों-प्रत्यारोपों के गोले दाग रहे हैं जिससे स्थानीय उद्यमियों की एकजुटता के सभी दावे तार तार होते नज़र आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुख इस बात का है कि पिछले कुछ अरसे से औद्योगिक क्षेत्र में दो-दो अध्यक्षों के होने से समाज और विभिन्न विभागों में उद्यमी मजाक का पात्र बन रहे हैं। बैठक में अनिल सपाटिया के साथ उद्यमी अनिल शर्मा, अशोक शर्मा, पीसी शर्मा, बलराम चंदेल, दिलबाग सिंह, भीषम जोशी, अनिल गुप्ता, एमएम सिंह, विजय लॉ, अनुदत्त, राजू खन्ना, दीप शर्मा, जोगा सिंह, वरुण अग्रवाल, कुलभूषण कौशल, वीरेंद्र डोगरा, शशि ऐरी समेत कई अन्य सदस्यों ने शिरकत की।
