तंबाकू-गुटखे की खेप दबोची

भरवाईं/चिंतपूर्णी (ऊना)। स्थानीय चौक के पास पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान पंजाब के होशियारपुर से हिमाचल में लाए जा रहे तंबाकू और गुटखे की खेप दबोचने में सफलता हासिल की है। इसके साथ ही जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने तंबाकू के दोनों ब्रांड के सैंपल भी भर दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीआर कौशल और जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. टीसी महंता ने बताया कि शुक्रवार सायं पुलिस और स्वास्थ्य विभागों की संयुक्त टीम ने भरवाईं में एक गाड़ी को रोका और उसकी चेकिंग की। चेकिंग करने पर टीमों ने गाड़ी में पंछी छाप तंबाकू के 31 पैकेट, गोल्डन स्पिट छाप तंबाकू के 66 पैकेट और शिखर गुटखे के 40 पैकेट पकड़े।
उन्होंने बताया कि इन पैकेटों को तीन अलग-अलग बोरियों में डाला गया था। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश धीमान ने मौके पर ही पंछी और गोल्डन स्पिट छाप तंबाकू के सैंपल भर दिए हैं। चिकित्सा अधिकारियों ने लोगों से भी आह्वान किया है कि इस प्रकार की सामग्री जानलेवा है, इसका कतई प्रयोग न करें। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा। ऐसी चीजें प्रदेश सरकार की ओर से प्रतिबंधित की गई हैं जिन्हें तस्करी कर प्रदेश में लाने की कतई छूट नहीं दी जाएगी।

Related posts