
पंजाबर (ऊना)। क्षेत्र के गांव खड्ड खास के मोहल्ला पनेहड़ा में लोगों को बरसात के मौसम में भी पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि गांव में पिछले दस दिन से पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है जिससे लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। नलों में पानी न आने के चलते लोग सुबह उठते ही साथ लगते क्षेत्र से पानी ढोने को मजबूर हैं। लोगों ने आईपीएच विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया है।
स्थानीय लोगों में ओंकार सिंह दत्ता, स्वर्ण, देवराज, बालक राम, जगदीप, बोधराज, दीपक, सोनू, रमेश, केवल, रमेश कुमार, राम आसरी, कमला, पोलू, सुखदेव, विजय, बिट्टू एवं बबली ने बताया कि पिछले दस दिन से नलों में पानी की एक बूंद नहीं टपकी है। हर साल गर्मियों के मौसम में पानी की दिक्कत तो पेश आती थी लेकिन बरसात के मौसम में भी पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। आईपीएच विभाग को समस्या के बारे तीन-तीन बार सूचित किया गया लेकिन विभागीय कर्मियों ने मामले की कोई सुध नहीं ली। इसके चलते उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र्र ही संबंधित विभाग ने समस्या का हल न निकाला तो उन्हें मजबूर होकर उग्र प्रदर्शन करना पड़ेगा।
उधर, आईपीएच के अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा ने कहा है कि मामला ध्यान में लाया गया है। इस संदर्भ में कर्मचारियों से रिपोर्ट तलब की जाएगी। खड्ड में यदि पेयजल समस्या है तो उसे जल्द दूर कर लोगों को पानी मुहैया करवाया जाएगा।
