आनी के घोरला में लाखों की चोरी

आनी (कुल्लू)। आनी के घोरला गांव में वीरवार रात एक घर में चोरी हो गई। चोर घर से लाखों के गहने उड़ा ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घोरला गांव निवासीनैहरू राम पुत्र स्व. भगवान दास के घर में चोरी हुई है। वीरवार रात को जब नैहरू राम घर में सोए थे, तब चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। चोर घर के एक कमरे में रखे बक्से को उठाकर ले गए। मकान मालिक के मुताबिक इस बक्से में लाखों रुपये के गहनों के साथ ही करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी थी। आनी पुलिस के अन्वेषण अधिकारी विनोद कुमार ने चोरी के मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बक्सा घर से कुछ दूरी पर खाली मिल गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस गहन जांच कर रही है और जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला जाएगा। घोरला के ग्रामीण संतोष मेहता ने आनी पुलिस से मामले को गंभीरता से लेने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि चोरों को जल्द तलाश कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद पूरे गांव के लोगों को अपने कीमती सामान की सुरक्षा की चिंता सता रही है।

Related posts