
कुल्लू। बंजार और सैंज घाटी के किसानों-बागवानों के लिए एपीएमसी तोहफा देने जा रहा है। शुक्रवार को एपीएमसी के सौजन्य से बंजार की लारजी सब्जी मंडी का उद्घाटन किया जाएगा। स्थानीय विधायक कर्ण सिंह रिबन काटकर इलाके के किसानों-बागवानों को यह सुविधा प्रदान करेंगे। इस मौके पर कृषि उपज कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति विपणन बोर्ड के चेयरमैन यूपेंद्र कांत मिश्रा भी मौजूद रहेंगे।
बोर्ड के सचिव प्रकाश कश्यप ने कहा कि नौ अगस्त शुक्रवार दोपहर तीन बजे इसका विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। सेब सीजन में सब्जी मंडी के उद्घाटन से बागवानों को इसका अच्छा लाभ मिलेगा। एपीएमसी के चेयरमैन यूपेंद्रकांत मिश्रा ने कहा कि इसके लिए तमाम तैयारियों को पूरा कर दिया है। सब्जी मंडी लारजी का उद्घाटन होते ही यहां पर किसान-बागवानों के उत्पाद की खरीद-फरोख्त भी आरंभ की जाएगी। फिल्हाल सेब सीजन को मद्देनजर रखते हुए अस्थाई शेडों में सेब और सब्जियों का कारोबार चलेगा।
15 मील में भी शुरू होगी खरीद-फरोख्त
कुल्लू। यहां 15 मील में अस्थाई रूप से खोली गई सब्जी मंडी भी शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। एपीएमसी के चेयरमैन यूपेंद्रकांत मिश्रा ने यह जानकारी दी। कहा कि यहां पर काम चलाने वाले आढ़तियों और व्यापारियों को वीरवार को लाइसेंस प्रदान कर दिया है। 15 मील सब्जी मंडी में नए लोगाें को लाइसेंस आवंटित किए हैं। इलाके के किसानों और बागवानों अब अपने उत्पाद को 15 मील की अस्थाई सब्जी मंडी में बेचने के लिए ला सकते हैं।
