
कुल्लू। लगघाटी के भुट्टी में पीएचसी भवन के शिलान्यास समारोह में पट्टिका को लेकर खूब बवाल मचा रहा। बुधवार को पीएचसी भुट्टी के भवन का शिलान्यास था लेकिन शिलान्यास पट्टिका में विधायक महेश्वर सिंह का नाम नहीं है। इसे लेकर दोनों दलों के नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर खूब तंज कसे। इसके अलावा दोनों दलों के कार्यकर्ता भी इस बात पर अपने-अपने तर्क देते रहे। इसे लेकर विधायक महेश्वर सिंह भी नाराज नजर आए। इस कारण विधायक महेश्वर सिंह भवन शिलान्यास स्थल पर भी नहीं गए। हालांकि समारोह में उन्होंने सभा जरूर संबोधित की।
शिलान्यास के बाद जनसभा के दौरान विधायक महेश्वर सिंह ने अपने भाषण में इस ओर इशारा भी किया। महेश्वर सिंह ने कहा कि शिलान्यास पट्टिका पर नाम लिखने से क्या होता है? नाम तो लोगों के दिल में लिखा होना चाहिए। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने भी मजाकिया अंदाज में महेश्वर सिंह के इस तंज का जवाब दिया। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि महेश्वर सिंह जी यह प्रथा भाजपा ने शुरू की है और उस समय आप भी भाजपा में थे। ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार तो इस प्रथा को बदलने की कोशिश कर रही है। महेश्वर सिंह के समर्थकों मूर्तराम भारती, प्रताप ठाकुर, चेतराम और वेदराम का कहना है कि महेश्वर सिंह स्थानीय विधायक हैं, इस कारण उनका नाम शिलान्यास पट्टिका में लिखा जाना चाहिए था। कुल मिलाकर लगघाटी के भुट्टी में शिलान्यास पट्टिका को लेकर मचे इस बचाव में लोगों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
