केंद्र के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी भाजपा

कुल्लू। जिला भाजपा अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर और जिला मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उदासीनता के चलते आज देश की सुरक्षा खतरे में हैं। चीन जहां बार-बार हमारी सीमाओं में घुसपैठ कर भारतीय सेना को अपनी सीमाओं की पेट्रोलिंग करने से रोक रहा है, वहीं पाकिस्तान भारतीय सैनिकों की सरेआम हत्या कर रहा है। बावजूद इसके केंद्र की यूपीए सरकार गहरी नींद में है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने घुसपैठ कर भारतीय जवानों की निर्मम हत्या कर अपनी कायरता का परिचय दिया है। इस पूरी घटना से देश के लोगों में आक्रोश है। लेकिन शर्म की बात है कि देश के रक्षा मंत्री इस घटना को आतंकी घटना करार देकर पाकिस्तान का बचाव करते नजर आ रहे हैं। इससे साफ है कि केंद्र की यूपीए सरकार कितनी कमजोर और असहाय है। ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए सेना को और अधिक अधिकार देने होंगे। यूपीए सरकार के मंत्री सत्ता में इस कदर मदहोश हैं कि देश की वीर सिपाही के पार्थिव शरीर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो भारत सरकार का कोई भी मंत्री वहां नहीं पहुंच सका। इससे प्रतीत होता है कि केंद्र सरकार देश के रक्षा मामलों में कितनी लापरवाह है। इससे जहां सैनिकों का मनोबल गिरेगा, वहीं देश की जनता भी इस सरकार से बेहद निराश है। भाजपा जिला महामंत्री प्रताप ठाकुर ने कहा कि देश की जनता एवं सैनिकों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार के उदासीन रवैये को भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। जिला कुल्लू भाजपा महंगाई, भ्रष्टाचार, आतंकवाद इत्यादि मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेगी। भीम सेन शर्मा ने कहा कि 12 से 19 अगस्त तक हर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन होगा। इसमें जिला कुल्लू की तिथि शीघ्र तय की जाएगी। इसी कड़ी में 23 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। एक से 15 सितंबर तक मंडलों के सम्मेलन होंगे। 25 सितंबर से चलो गांव की ओर कार्यक्रम बनाकर केंद्र की भ्रष्ट तथा निकम्मी सरकार के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

Related posts