हर पंचायत में खुलेगा स्वास्थ्य संस्थान

कुल्लू। स्वास्थ्य, राजस्व एवं विधि मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने 1.04 करोड़ की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन भुट्टी का का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए कौल सिंह ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में छह बिस्तर, लैब और एक्सरे जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। बताया कि जिन पंचायतों में चिकित्सा संस्थान नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर ऐसे संस्थान खोले जाएंगे। उन्होंने लोगों से ऐसे चिकित्सा संस्थानों के लिए उदारता से जमीन उपलब्ध करवाने की अपील भी की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीजों की संख्या को देखते हुए इसका विस्तार किया जाएगा। भुंतर में खाली पड़े कुष्ठ रोग संस्थान में भी कोई स्वास्थ्य संस्थान स्थापित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इससे जिले के अलावा बजौरा से सटी मंडी जिले की पंचायतों को सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि कुल्लू जिले के माशना और रतोचा गांवों में स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। कौल सिंह ने बताया कि भुभू जोत में सुरंग बनाकर मंडी जिले की चौहार घाटी को कुल्लू की लगघाटी से जोड़ने की दिशा में प्रदेश सरकार प्रयासरत है। इसके पहले चरण में कुल्लू-कड़ौन सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। सुरंग के निर्माण से जोगिंद्रनगर और कुल्लू की दूरी लगभग 70 किलोमीटर कम होगी। इससे पहले स्थानीय विधायक महेश्वर सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर और जिला महासचिव दौलत ठाकुर ने सभा को संबोधित किया। पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सेस राम चौधरी ने धन्यवाद किया। इस मौके पर एसडीएम डा. सुरेश जसवाल, सीएमओ डा. बलदेव ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा, कांग्रेस और इसके सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों तथा पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related posts