
ऊना। स्थानीय रोटरी चौक में उस समय हंगामा हो गया, जब पुलिस के एक जवान ने तेज गति में जा रही कार को रोक कर चालक को बाहर निकालते हुए कार की चाबी पर हाथ डाल दिया। पुलिस जवान ने लोगों को बताया कि कार में सवार चार युवक बाथड़ी में एक अन्य गाड़ी में सवार दो लोगों को पीट-पीट कर लहूलुहान करने के बाद भाग कर आए हैं। इसी दौरान एक अन्य गाड़ी से भी दो लोग निकले, जिनके सिर और बाजुओं सहित अन्य अंगों पर पट्टियां बंधी थीं। उन्होंने भी युवकों को पहचान कर लोगों से रोकने की गुजारिश करना शुरू कर दिया।
घायल हालत में ऊना लाए जा रहे दो लोगों अरुणदीप सिंह पुत्र प्रेम नाथ और सोमदास पुत्र मदन लाल दोनों निवासी जिला नकोदर वार्ड नंबर चार (पंजाब) ने बताया कि वे गढ़शंकर की ओर से अपनी गाड़ी में आ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने से आगे चल रही एक कार नंबर एचआर 14 5757 से पास मांगा। युवकों ने पहले कार को पास दे दिया, फिर थोड़ी दूर जाने पर फिर पास लेने के बाद उन्हाेंने कार को आगे खड़ी कर उन्हें घेर लिया और मारपीट करना शुरू कर दिया। युवकों ने दोनों पर रॉडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाथड़ी के युवकों ने उन्हें बचाया और हरोली अस्पताल पहुंचाया, जहां पुलिस कर्मी उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल ले आए। क्षेत्रीय अस्पताल से वापस हरोली जाते समय घायलों के साथ गाड़ी में सवार पुलिस जवान की नजर रोटरी चौक में सामने से आ रही उसी कार पर पड़ गई, जहां उसने कार सवाराें को घेर लिया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने कार सवार चार युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इनमें से दो युवक झज्जर शहर (हरियाणा) के बताए जा रहे हैं, जबकि दो युवक पंजाब के निवासी हैं।
