
ऊना। रात को खनन माफिया ने हरोली के कांगड़ क्षेत्र में एक व्यक्ति की कृषि भूमि पर जेसीबी मशीन चला दी। रेत निकालकर जमीन से माफिया ने आधा दर्जन टिप्पर भरे और पंजाब के लिए रवाना कर दिए। जब भूमि मालिक गुरदयाल सिंह को इस बात का पता चला तो वह मौके पर पहुंचे। माफिया ने उन्हें डराना धमकाना शुरू कर दिया और खुद पर एक नेता का हाथ होने की भी बात कही। जब गुरदियाल मौके पर पहुंचे तो उस समय माफिया अंतिम टिप्पर रेत से भर रहा था। इस एकांत क्षेत्र में गुरदियाल के सामने ही माफिया ने रेत से लदे इस टिप्पर को भी पंजाब के लिए रवाना कर दिया। गुरदियाल ने एसपी अनुपम शर्मा व हरोली के थाना प्रभारी महेंद्र कुमार और जिला खनन अधिकारी परमजीत सिंह को इस संबंध में शिकायत पत्र दिए हैं। शिकायत में गुरदियाल ने कहा कि कांगड़ में उनकी मलकीयत भूमि खसरा नंबर 3010/1, 3013 और 3016 स्वां बेला में स्थित है। उनकी जमीन को खोदकर वहां से माफिया रेत उठा रहा है। जमीन में बड़े-बड़े गड्ढे बना दिए गए हैं। ट्रैक्टरों के जरिए भी माफिया रेत उठाकर एक ईंट भट्ठे के समीप इसे डंप कर रहा है। हरोली के थाना प्रभारी महेंद्र कुमार ने गुरदियाल की ओर से इस तरह की शिकायत मिलले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजा गया है। उस क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी जाएगी।
